महाशिवरात्रि पर केदारनाथ मंदिर की जीवंत झांकी बनी आकर्षण का केंद्र

12 ज्योतिर्लिंगों की प्रतीकात्मक प्रदर्शनी ने खींचा ध्यान, भोले की बारात में उमड़े श्रद्धालु

नेपा दर्पण प्रतिनिधि।

शहर सहित ग्रामीण अंचल में 15 फरवरी को आयोजित महाशिवरत्रि का त्यौहार उत्साह एवं श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया।महाशिवरात्रि के अवसर पर रविवार को नेपानगर सहित आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धा और उत्साह के साथ विभिन्न धार्मिक आयोजन हुए। सुबह से ही शिव मंदिरों में दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। केंद्रीय विद्यालय परिसर स्थित शिव मंदिर में विशेष सजावट आकर्षण का केंद्र रही। यहां मंदिर को केदारनाथ मंदिर का स्वरूप दिया गया था, जिसे देखने और भगवान शिव के दर्शन के लिए सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा।

12 ज्योतिर्लिंगों की प्रदर्शनी ने मोहा मन

केंद्रीय विद्यालय स्थित शिव मंदिर परिसर में 12 ज्योतिर्लिंगों की प्रतीकात्मक प्रदर्शनी भी लगाई गई। केदारनाथ मंदिर की जीवंत झांकी और ज्योतिर्लिंगों की प्रदर्शनी को देखने बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने मंदिर की आकर्षक सजावट की सराहना करते हुए कहा कि इसे देखकर केदारनाथ धाम की याद ताजा हो गई। शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं ने दूध, दही, घी, शहद, शक्कर, भस्म, चंदन, अष्टगंध और गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक कर पूजा-अर्चना की।

नगर में निकली भोले की बारात

रविवार शाम नगर में परंपरानुसार भोले की बारात निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। बारात को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। नगर में प्रत्येक वर्ष महाशिवरात्रि के अवसर पर भोले की बारात निकालने की परंपरा है। इससे पहले विभिन्न शिव मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और भगवान शिव का श्रृंगार किया गया।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी रही महाशिवरात्रि की धूम

पांधार क्षेत्र स्थित बिल्वेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी रहा। मंदिर में भगवान महादेव का विशेष श्रृंगार और पूजा-अर्चना की गई। डाभियाखेड़ा में पूजा-अर्चना के बाद गांव में पालकी यात्रा निकाली गई। वहीं भातखेड़ा, सातपायरी, अंबाड़ा, सारोला, नावरा और सीवल सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी महाशिवरात्रि को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारे भी आयोजित किए गए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top