क्षेत्र में उत्साह से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, जगह-जगह हुआ ध्वजारोहण

स्कूल-कॉलेज, पंचायतों, सरकारी कार्यालयों व निजी संस्थाओं में हुए समारोह, नेहरू स्टेडियम में सीएमडी नरेश सिंह ने फहराया तिरंगा

नेपा दर्पण प्रतिनिधि।

80वें स्वतंत्रता दिवस पर नेपानगर सहित क्षेत्रभर में उत्साह और देशभक्ति का माहौल रहा। स्कूल-कॉलेजों, पंचायतों, सरकारी कार्यालयों और निजी संस्थाओं में ध्वजारोहण के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। नेपा मिल की ओर से मुख्य समारोह नेहरू स्टेडियम ग्राउंड पर आयोजित किया गया, जहां सीएमडी नरेश सिंह ने ध्वजारोहण कर उपस्थित लोगों को संबोधित किया। इस दौरान स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।

श्रमिक संघ ने यूनियन भवन में फहराया तिरंगा

स्वतंत्रता दिवस पर श्रमिक संघ नेपानगर की ओर से यूनियन भवन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्रमिक संघ अध्यक्ष प्रवीण सोनी ने राष्ट्रध्वज फहराया और उपस्थित श्रमिकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता के लिए बलिदान देने वाले सेनानियों को नमन करते हुए श्रमिक एकता, संगठन की मजबूती और श्रमिक हितों के लिए निरंतर संघर्ष का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि श्रमिक संघ विषम परिस्थितियों के बावजूद श्रमिकों की मांगों और अधिकारों को लेकर लगातार प्रयासरत है तथा सभी जायज मांगों को पूरा कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में प्रधान सचिव अरुण फर्कले ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रदेश इंटक महासचिव लालचंद पटेल, पूर्व इंटक अध्यक्ष देवीदास लोखंडे, कार्यकारी अध्यक्ष राहुल पटेल, अनीस मंसूरी, संपत हिरवे, दीपक पटेल, प्रदीप बैस, ऋतिका भामरे, सचिन जैनकर, रोहित सूर्यवंशी, अर्जुन पाटिल सहित बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

नेहरू स्टेडियम में पहलवानों ने दिखाए दांव-पेंच

नेहरू स्टेडियम ग्राउंड पर विधायक मंजू दादू की उपस्थिति में परंपरानुसार कुश्तियों का आम दंगल आयोजित किया गया। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पहलवानों ने कुश्ती के दांव-पेंच दिखाए। मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। विजेताओं को विधायक मंजू दादू और नेपा मिल के सीएमडी नरेश सिंह ने पुरस्कृत किया।

एकलव्य विद्यालय में देशभक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रम

एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय सातपायरी में भी 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उल्लास के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नेपानगर के मेडिकल ऑफिसर महेश चौहान, विशिष्ट अतिथि नगर पालिका नेपानगर के मुख्य नगर पालिका अधिकारी संतराम चौहान, नरेंद्र सिंह तोमर और अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों की वंदे मातरम् की प्रस्तुति से हुई। इसके बाद ध्वजारोहण और राष्ट्रगान हुआ।

विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, अतिथि स्वागत गान सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। भगत सिंह पर आधारित लघु नाटिका के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग, साहस और देशभक्ति को प्रस्तुत किया गया। राजस्थानी नृत्य भी आकर्षण का केंद्र रहा। विद्यार्थियों ने ‘हमारे सपनों का भारत’ विषय पर विकसित, आत्मनिर्भर, शिक्षित, स्वच्छ और समृद्ध भारत की परिकल्पना को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया।

प्रोजेक्ट हाथी परियोजना के तहत आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि महेश चौहान ने विद्यार्थियों को देश की प्रगति में सक्रिय भूमिका निभाने और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। अंत में प्राचार्य रत्नेश कुमार जायसवाल ने अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए शिक्षा, अनुशासन, मेहनत और राष्ट्रप्रेम को जीवन का आधार बनाने का संदेश दिया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top