स्टॉक रजिस्टर नहीं मिला, ऑनलाइन रिकॉर्ड में गेहूं-चावल-शकर कम और नमक अधिक मिला
नेपा दर्पण प्रतिनिधि।
सागफता में शासकीय उचित मूल्य दुकान में अनियमितताओं को लेकर प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। एसडीएम सृजन श्रीवास्तव, तहसीलदार जगन्नाथ वास्कले सहित अन्य अधिकारियों ने ने मंगलवार को उचित मूल्य दुकान का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और स्टॉक की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण में स्टॉक रजिस्टर नहीं मिला
निरीक्षण के दौरान दुकान पर स्टॉक रजिस्टर उपलब्ध नहीं पाया गया। वहीं ऑनलाइन दर्ज आंकड़ों और मौके पर उपलब्ध सामग्री की जांच में गेहूं, चावल और शकर की मात्रा कम, जबकि नमक की मात्रा अधिक पाई गई। स्टॉक में अंतर सामने आने के बाद अधिकारियों ने मामले की जानकारी दर्ज की।
ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार, दुकान संचालक को लगाई फटकार
जांच के दौरान तहसीलदार नेपानगर जगन्नाथ वास्कले और जूनियर फूड ऑफिसर गिरीश नागपुरे भी मौजूद रहे। एसडीएम के निर्देश पर फूड ऑफिसर गिरीश नागपुरे ने ग्रामीणों के समक्ष पंचनामा तैयार किया। निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर अधिकारियों ने दुकान संचालक को फटकार लगाते हुए कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए। अधिकारियों ने खाद्यान्न वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और रिकॉर्ड दुरुस्त रखने को कहा।
प्रशासन की कार्रवाई से बढ़ी निगरानी
उचित मूल्य दुकान पर लगातार सामने आ रही शिकायतों के बाद प्रशासन द्वारा किए गए औचक निरीक्षण से स्पष्ट है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़ी शिकायतों और अनियमितताओं पर अब निगरानी बढ़ाई जा रही है। निरीक्षण में सामने आए स्टॉक अंतर और अन्य कमियों के आधार पर आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों पर निर्भर रहेगी।






