वित्तीय मामलों, ऑडिट और बैंकिंग कार्य को लेकर संचालक मंडल से मांगा जवाब
नेपा दर्पण प्रतिनिधि
नेपानगर। नेपानगर प्राथमिक उपभोक्ता भंडार की वार्षिक आमसभा सोमवार दोपहर 12 बजे नगर के अणुव्रत भवन में आयोजित हुई। बैठक के दौरान अंशधारियों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर संचालक समिति का विरोध किया। विरोध बढ़ने के बाद बैठक स्थगित कर संचालक मंडल मौके से रवाना हो गया।
अंशधारियों ने उठाए वित्तीय मामलों से जुड़े सवाल
अंशधारियों ने कहा कि संस्था में निवेश की गई राशि का भुगतान समय पर नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि कई अंशधारियों ने संस्था में लाखों रुपए निवेश किए हैं, लेकिन वर्तमान में उन्हें मासिक ब्याज के रूप में मात्र 500 रुपए दिए जा रहे हैं।
अंशधारी सौजन्य तिवारी ने कहा कि संस्था के संचालन में वित्तीय मामलों को लेकर पारदर्शिता की जरूरत है। उन्होंने नगरवासियों की संस्था में जमा पूंजी से जुड़े मामलों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की।
चार साल से जानकारी नहीं देने की बात
बैठक विगत एक वर्ष में संस्था द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी देने के लिए आयोजित की गई थी। हालांकि, अंशधारियों का कहना था कि पिछले चार वर्षों से संचालक समिति द्वारा संस्था के कार्यों की पर्याप्त जानकारी नहीं दी गई है।
अंशधारियों ने अध्यक्ष घीसूलाल जैन और संचालक मंडल से संस्था से जुड़े विभिन्न मामलों में जवाब मांगा। उन्होंने संस्था में करीब 700 सिलेंडर गायब होने की जानकारी का मुद्दा भी उठाया और इस संबंध में संचालक मंडल से स्पष्टीकरण की मांग की।
ऑडिट और बैंकिंग कार्य को लेकर भी सवाल
अंशधारी प्रवीण काटकर, सौजन्य तिवारी, राजाराम पटेल के साथ नितेश वर्मा ने बताया कि पिछले चार वर्षों से संस्था का ऑडिट नहीं हुआ है। इसके अलावा संस्था के पास बैंकिंग लाइसेंस नहीं होने के बावजूद बैंकिंग से जुड़े कार्य किए जाने का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया।
आम चुनाव कराने की मांग
बैठक के बाद अंशधारियों ने सर्वसम्मति से संस्था में आम चुनाव कराए जाने की मांग उठाई। साथ ही पूरे मामले से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने की बात कही गई।





