ऑपरेटर की नियुक्ति हो चुकी, मशीन का इंतजार; विशेषज्ञ डॉक्टरों और संसाधनों की कमी से मरीजों को हो रही परेशानी
नेपा दर्पण प्रतिनिधि।
नेपानगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नया भवन बनने के बाद भी स्वास्थ्य सुविधाओं और जरूरी संसाधनों की कमी बनी हुई है। करीब 12 महीने पहले केंद्र में एक्स-रे मशीन लगाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक मशीन नहीं पहुंची है। इससे मरीजों को एक्स-रे जांच के लिए निजी केंद्रों का सहारा लेना पड़ रहा है। क्षेत्र की बड़ी आबादी इस स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर होने के बावजूद एक्स-रे जैसी बुनियादी सुविधा उपलब्ध नहीं होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
15 दिन में मशीन लगाने का दिया था आश्वासन
29 सितंबर 2025 को स्वस्थ नारी सशक्त परिवार कार्यक्रम के दौरान विधायक मंजू राजेंद्र दादू ने सीएमएचओ से चर्चा कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नेपानगर में एक्स-रे मशीन लगाने की बात कही थी। उस समय 15 दिन के भीतर मशीन उपलब्ध कराने की बात सामने आई थी, लेकिन अब तक मशीन नहीं लग सकी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. हिमांशु चौधरी ने बताया कि इस संबंध में अधिकारियों को समय-समय पर अवगत कराया गया है और उनके स्तर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मशीन भोपाल से उपलब्ध होना है, लेकिन अभी तक केंद्र को प्राप्त नहीं हुई है।
ऑपरेटर नियुक्त, लेकिन मशीन का इंतजार
डॉ. चौधरी के अनुसार एक्स-रे मशीन के लिए ऑपरेटर की नियुक्ति सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हो चुकी है। मशीन मिलते ही सुविधा शुरू कर दी जाएगी। फिलहाल मरीजों को एक्स-रे के लिए निजी जांच केंद्रों पर जाना पड़ता है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शहर से दूर तहसील कार्यालय क्षेत्र में स्थित होने के कारण आने-जाने में भी मरीजों और उनके परिजनों को समय और पैसा खर्च करना पड़ता है।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी भी बनी समस्या
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में संसाधनों के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों की भी कमी बनी हुई है। यहां नाक-कान-गला और स्त्री रोग सहित कुछ महत्वपूर्ण विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं। गंभीर मामलों में मरीजों को अन्य अस्पतालों के लिए रेफर करना पड़ता है। पूर्व में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को सिविल अस्पताल का दर्जा देने की मांग भी उठी थी, ताकि यहां स्टाफ, विशेषज्ञ डॉक्टर और चिकित्सा सुविधाएं बढ़ सकें, लेकिन यह मांग अब तक पूरी नहीं हुई है। क्षेत्रवासियों की अपेक्षा है कि स्वास्थ्य विभाग एक्स-रे मशीन सहित अन्य आवश्यक संसाधन जल्द उपलब्ध कराए, जिससे स्थानीय स्तर पर मरीजों को बेहतर उपचार मिल सके।




