सेल्समेन पर मनमानी का आरोप, ग्रामीणों ने प्रशासन से व्यवस्था सुधारने की मांग की
नेपा दर्पण प्रतिनिधि।
ग्राम पंचायत नावथा के ग्रामीणों ने शासकीय उचित मूल्य की दुकान समय पर नहीं खुलने को लेकर परेशानी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि दुकान सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक खुलनी चाहिए, लेकिन यहां कई बार दोपहर 12 बजे के बाद दुकान खोली जाती है, जिससे उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ता है।
मजदूरी छोड़कर राशन लेने पहुंचते हैं ग्रामीण

ग्रामीणों ने बताया कि वे अधिकतर मजदूरी करके अपना जीवनयापन करते हैं। राशन लेने के लिए उन्हें काम छोड़कर दुकान पर आना पड़ता है। दुकान समय पर नहीं खुलने के कारण उनकी एक-दो दिन की मजदूरी प्रभावित हो जाती है, जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि हर महीने ऐसी स्थिति बनती है। कभी दुकान समय पर खुलती है तो कभी बंद रहती है। कई बार दो-दो और तीन-तीन दिन इंतजार करने के बाद राशन मिल पाता है।
मशीन खराब होने का बताया कारण
दुकान के सेल्समेन वीरेंद्र से देरी से दुकान खोलने के संबंध में पूछने पर उन्होंने बताया कि मशीन खराब होने के कारण दुकान खोलने में देरी हुई।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि शासकीय उचित मूल्य की दुकान निर्धारित समय पर संचालित कराई जाए, ताकि उन्हें राशन लेने में परेशानी का सामना न करना पड़े।




