राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए नेहरू स्टेडियम आरक्षित करने की मांग

इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने निगम आयुक्त को लिखा पत्र, 8 से 12 सितंबर तक स्टेडियम आरक्षित करने का अनुरोध

नेपा दर्पण प्रतिनिधि।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर इंदौर में कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम के आयोजन के लिए इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर 8 सितंबर से 12 सितंबर 2026 तक संपूर्ण नेहरू स्टेडियम आरक्षित किए जाने की मांग की है। पत्र में कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रों के शामिल होने की संभावना का हवाला देते हुए आयोजन स्थल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है।
इंदौर में हुई कांग्रेसियों की बैठक
इंदौर कांग्रेस के जिला प्रभारी अजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इंदौर आ रहे हैं जहां वे नेहरू स्टेडियम पर छात्रों की हितों की आवाज को बुलंद करेंगे। इसी कार्यक्रम की तैयारी को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इसमें दिल्ली से पधारे बि के बैजू, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी, इंदौर जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, इंदौर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद थे।
शिक्षा, रोजगार और छात्रों के मुद्दों पर संवाद
‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी है। कार्यक्रम में शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, फीस वृद्धि और युवाओं से जुड़े अन्य विषयों पर चर्चा होने की जानकारी सामने आई है।
प्रशासन की अनुमति के बाद तय होगी व्यवस्था
फिलहाल इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी ने नेहरू स्टेडियम आरक्षित करने के लिए नगर निगम आयुक्त को आवेदन दिया है। स्टेडियम आरक्षण और कार्यक्रम की अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर अंतिम निर्णय संबंधित प्रशासनिक अनुमति के बाद होगा। कांग्रेस की ओर से आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए पार्टी पदाधिकारियों द्वारा कार्यक्रम की रूपरेखा पर काम किया जा रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top