सीखो-कमाओ योजना के तहत विभिन्न ट्रेडों में युवाओं का चयन, तकनीकी दक्षता और नवाचार पर रहेगा जोर
नेपा दर्पण प्रतिनिधि
नेपानगर। नेपा लिमिटेड ने युवाओं को रोजगार और कौशल विकास से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए 60 नव चयनित युवाओं को संविदा आधार पर रोजगार प्रदान किया है। इस अवसर पर आयोजित संवाद कार्यक्रम में सीएमडी नरेश सिंह ने चयनित युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि नेपा लिमिटेड का भविष्य युवा शक्ति, तकनीकी दक्षता और नवाचार पर आधारित है।
उन्होंने कहा कि आज चयनित युवा केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि नेपा लिमिटेड के आगामी विकास अध्याय के महत्वपूर्ण सहभागी हैं। संस्थान की नई उपलब्धियों और संभावनाओं के निर्माण में उनकी भूमिका अहम होगी। सीएमडी ने कहा कि नेपा लिमिटेड वर्तमान में विकास और विस्तार के नए दौर में प्रवेश कर रही है तथा युवा प्रतिभाओं का संस्था से जुड़ना इसके उज्ज्वल भविष्य का सकारात्मक संकेत है।
कार्यक्रम में पूर्व निदेशक वित्त प्रदीप कुमार नाइक ने नव चयनित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक नई जिम्मेदारी अपने साथ नए अवसर लेकर आती है। उन्होंने कहा कि जीवन में आने वाली चुनौतियों को स्वीकार करते हुए निरंतर सीखते रहना ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने युवाओं को अपने कार्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और सकारात्मक सोच बनाए रखने की सलाह दी।
निदेशक वित्त पी.जे.एम. डिक्सन ने कहा कि युवा शक्ति किसी भी संस्था की सबसे बड़ी पूंजी होती है। उन्होंने कहा कि कौशल, अनुशासन और नवाचार के बल पर युवा न केवल अपने व्यक्तिगत भविष्य को बेहतर बना सकते हैं, बल्कि नेपा लिमिटेड की प्रगति को भी नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
वरिष्ठ प्रबंधक कार्मिक एवं प्रशासन ज्ञानेश्वर खैरनार ने कहा कि नेपा लिमिटेड में युवाओं को सीखने, अनुभव प्राप्त करने और अपने कौशल को निखारने के लिए व्यापक अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने चयनित युवाओं से इन अवसरों का सदुपयोग कर बेहतर पेशेवर भविष्य बनाने का आह्वान किया।
128 आवेदनों में से 60 युवाओं का चयन
नेपा लिमिटेड के जनसंपर्क अधिकारी संदीप ठाकरे ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन की मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के अंतर्गत नेपानगर, बुरहानपुर, खंडवा एवं आसपास के क्षेत्रों से लगभग 128 युवाओं के आवेदन प्राप्त हुए थे।
अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, संबंधित ट्रेड और पूर्व अप्रेंटिस प्रशिक्षण के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की गई। इसमें फिटर, इलेक्ट्रिशियन, वेल्डर, मोटर मैकेनिक, इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक, कोपा सहित विभिन्न ट्रेडों में कुल 60 युवाओं का चयन किया गया है। चयनित युवाओं को संविदा आधार पर रोजगार उपलब्ध कराया गया है।
स्थानीय युवाओं को मिलेगा कौशल और रोजगार का अवसर
जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि यह पहल स्थानीय युवाओं को रोजगार के साथ-साथ तकनीकी कौशल विकास से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे युवाओं को औद्योगिक क्षेत्र में कार्य करने का अनुभव मिलेगा और वे अपने कौशल को बेहतर बना सकेंगे।
उन्होंने कहा कि यह प्रयास प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया और वोकल फॉर लोकल के संकल्प को मजबूत करने के साथ क्षेत्रीय औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को नई गति प्रदान करेगा।





