लगातार 2-3 दिनों से दिखाई देने की सूचना, ग्रामीणों को सावधानी बरतने की समझाइश
नेपा दर्पण प्रतिनिधि।
वन परिक्षेत्र नावरा अंतर्गत ग्राम गोराडिया के समीप खेतों में पिछले 2-3 दिनों से तेंदुआ लगातार दिखाई देने की सूचना के बाद वन विभाग का अमला गांव पहुंचा। वनकर्मियों ने ग्रामीणों से संवाद कर वन्यप्राणी से बचाव और सुरक्षा को लेकर आवश्यक सावधानियां बरतने की समझाइश दी।
रेंजर पुष्पेंद्र जादौन ने ग्रामीणों से कहा कि खुले में सोने के बजाय घर के अंदर ही सोएं और मवेशियों को सुरक्षित रूप से बाड़े में बंद करके रखें। खेतों अथवा खेतों से लगे जंगल में अकेले जाने से बचें और आवश्यक होने पर 3-4 लोगों के समूह में ही जाएं।

बच्चों और पालतू पशुओं का रखें विशेष ध्यान
ग्रामीणों को बच्चों और पालतू पशुओं को अकेले नहीं छोड़ने की सलाह दी गई है। रात के समय जंगल या उस क्षेत्र में जाने से बचने को कहा गया, जहां तेंदुआ लगातार दिखाई दे रहा है। अत्यंत आवश्यक होने पर ही समूह में जाने की सलाह दी गई।
रेंजर पुष्पेंद्र जादौन ने बताया कि यदि किसी मवेशी का जंगली जानवर द्वारा शिकार किया जाता है तो इसकी सूचना 24 घंटे के भीतर वन विभाग को दी जाए। साथ ही ग्रामीणों को चेताया गया कि किसी भी वन्यप्राणी को नुकसान पहुंचाना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है। तेंदुआ या कोई अन्य वन्यप्राणी दिखाई देने पर उसे नुकसान पहुंचाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई।
वन विभाग ने खेतों और पशुओं के बाड़े के आसपास रात के समय आग जलाकर रखने की सलाह भी ग्रामीणों को दी है। विभाग द्वारा ग्रामीणों से सतर्कता बरतने और वन्यप्राणी की गतिविधि की जानकारी तत्काल साझा करने की अपील की गई।
वर्जन-
ग्रामीणों को जागरूक किया गया
- गोराड़िया में तेंदुए का मूवमेंट देखा गया है। ग्रामीणों से संवाद किया गया। गश्त भी बढ़ा दी गई है। लोगों को झुंड में ही रात के समय और खेतों में जाने की ताकीद की है। – पुष्पेंद्र जादौन, रेंजर नावरा







