शिक्षक दिवस के साथ नामांकन एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं की हुई समीक्षा
नेपा दर्पण प्रतिनिधि
शिक्षक दिवस के अवसर पर संकुल केंद्र भातखेड़ा में ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से संकुल के सभी प्रधान पाठकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्राचार्य संगीता कानफाड़े, सहायक परियोजना समन्वयक श्री राज साल्वे एवं जन शिक्षक द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
संकुल केंद्र भातखेड़ा अंतर्गत सभी विद्यालयों में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर शिक्षकों के योगदान को याद किया गया।
बैठक में विद्यार्थियों के नामांकन को लेकर विशेष चर्चा की गई। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि वर्ष 2025 में दर्ज विद्यार्थी वर्ष 2026 में शाला से बाहर क्यों हुए, इसकी जानकारी लेकर पालकों से संपर्क किया जाए और बच्चों को पुनः विद्यालय से जोड़ा जाए।
जन शिक्षक द्वारा अपार आईडी, MBU, छात्रवृत्ति नामांकन सहित अन्य शैक्षणिक कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। सभी प्रधान पाठकों को इस कार्य को इसी सप्ताह पूरा करने के लिए कहा गया।
बैठक में बताया गया कि 15 दिवस बाद कलेक्टर महोदय द्वारा पुनः समीक्षा बैठक लेकर प्रगति की जानकारी ली जाएगी। इसी क्रम में सोमवार को संकुल केंद्र में सभी प्रधान पाठकों की पुनः बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें वर्ष 2025 में दर्ज लेकिन वर्ष 2026 में नामांकन नहीं हुए विद्यार्थियों की सूची प्रस्तुत की जाएगी।









