हड़ताल के बाद दूसरा शनिवार और रविवार का रहेगा अवकाश
नेपा दर्पण प्रतिनिधि।
नेपानगर में बैंक उपभोक्ताओं के लिए अगले तीन दिन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी। शुक्रवार से लगातार तीन दिनों तक बैंक बंद रहने के कारण ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग कार्यों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
शुक्रवार 11 सितंबर को बैंक कर्मचारी पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग को लेकर एक दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे। इसके बाद शनिवार 12 सितंबर को माह का दूसरा शनिवार होने के कारण बैंकों में नियमित अवकाश रहेगा। वहीं रविवार 13 सितंबर को साप्ताहिक अवकाश रहेगा। इस तरह लगातार तीन दिनों तक बैंकों में कामकाज बंद रहेगा।
नेपानगर शहर में बैंक ऑफ इंडिया, भारतीय स्टेट बैंक, मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित खंडवा सहित अन्य बैंकों की शाखाओं में इन अवकाशों का असर रहेगा। ऐसे में बैंक ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे नकद निकासी, जमा, चेक संबंधी कार्य या अन्य जरूरी बैंकिंग काम आज ही पूरे कर लें, ताकि आगामी तीन दिनों में परेशानी से बचा जा सके।
एटीएम और डिजिटल बैंकिंग का ले सकते हैं सहारा
बैंक शाखाएं बंद रहने के दौरान ग्राहक आवश्यकता के अनुसार एटीएम, यूपीआई और अन्य डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का उपयोग कर सकते हैं। हालांकि शाखा में होने वाले जरूरी कार्यों के लिए ग्राहकों को बैंक खुलने का इंतजार करना पड़ेगा।









