विधायक अर्चना चिटनिस ने विकास कार्यों का भूमिपूजन किया, अधिकारियों ने योजनाओं की जानकारी दी
नेपा दर्पण प्रतिनिधि |
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को जनपद पंचायत बुरहानपुर की ग्राम पंचायत गढ़ताल में पांचवां जन-विश्वास शिविर एवं क्षेत्र भ्रमण आयोजित किया गया। चौपाल में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया सीधा संवाद
कार्यक्रम में विधायक अर्चना चिटनिस, कलेक्टर हर्ष सिंह, जिला पंचायत सीईओ एवं एडीएम सृजन वर्मा, डीएफओ विद्याभूषण सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। विधायक अर्चना चिटनिस ने ग्राम बसाली और सोलाबर्डी में पुलिया निर्माण तथा सीसी सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। साथ ही गाड़ा घाट पर 25 लाख रुपये की लागत से पुलिया निर्माण की घोषणा की।
प्राकृतिक खेती और योजनाओं का लाभ लेने के लिए किया प्रेरित
कलेक्टर हर्ष सिंह ने ग्रामीणों को प्राकृतिक खेती, फलदार पौधारोपण और शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने राशन वितरण, फार्मर रजिस्ट्री और पेंशन योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
राशन दुकान और स्कूल का किया निरीक्षण
शिविर के दौरान राशन दुकान और स्कूल का निरीक्षण किया गया। कृषि विभाग ने किसानों को जीवामृत बनाने का प्रशिक्षण दिया। विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर स्वास्थ्य सेवाएं, आधार एवं समग्र आईडी अपडेट, पौधारोपण और अन्य योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई।
गाड़ा घाट पर 25 लाख की पुलिया निर्माण की घोषणा
विधायक अर्चना चिटनिस ने ग्राम गढ़ताल में आवागमन की सुविधा को देखते हुए गाड़ा घाट पर 25 लाख रुपये की लागत से पुलिया निर्माण की घोषणा की। साथ ही भूरापानी पहुंच मार्ग पर जूनीबड़ी के पास स्टॉप डेम कम काजवे निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए।

बिरसा मुंडा पर आधारित फिल्म का प्रदर्शन
कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। क्षेत्र भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर खेती और विकास कार्यों का जायजा लिया।








