17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, जिलेभर में होंगे 25 जनहितकारी कार्यक्रम

अर्चना चिटनिस ने जनभागीदारी बढ़ाने पर दिया जोर, सेवा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, शिक्षा और जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां होंगी आयोजित

नेपा दर्पण प्रतिनिधि।

बैठक में अभियान की तैयारियों पर चर्चा

जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अर्चना चिटनिस ने अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने पर जोर दिया। बैठक में सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, कलेक्टर हर्ष सिंह, एसपी आशुतोष बागड़ी, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

समाज के सभी वर्गों को जोड़ा जाएगा

अर्चना चिटनिस ने कहा कि अभियान को सेवा, समर्पण और संगठन के भाव से जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा। इसमें युवा, महिलाएं, विद्यार्थी, वरिष्ठ नागरिक, सामाजिक संगठन, कलाकार, खिलाड़ी, साहित्यकार, मीडिया प्रतिनिधि और शैक्षणिक संस्थानों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

‘आशीर्वाद का दीया’ और विद्यार्थियों के लिए विशेष कार्यक्रम

अभियान के अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए हितग्राहियों का डेटा तैयार करने और आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए। विद्यार्थियों को जोड़ने के लिए भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

‘नमो गाथा सेवा’ से पहुंचेगी सेवा कार्यों की जानकारी

‘नमो गाथा सेवा’ गतिविधि के माध्यम से पिछले 25 वर्षों के सेवा कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और देश में आए बदलावों की जानकारी संगीतमय एवं नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए आमजन तक पहुंचाई जाएगी।

‘सेवा मेरा योगदान’ में होंगी विविध गतिविधियां

अभियान के तहत रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, योग, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, शिक्षा सहयोग, जल संरक्षण, सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति, पोषण एवं एनीमिया जागरूकता, दिव्यांगजन सहयोग, मतदाता जागरूकता और वोकल फॉर लोकल जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

सेवा पखवाड़ा में होंगे 25 कार्यक्रम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा पखवाड़ा के तहत जिलेभर में 25 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें रक्तदान और स्वास्थ्य शिविर, अनाथालय एवं वृद्धाश्रम सेवा, वीर सैनिक सम्मान, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक-मुक्ति, जल संरक्षण, योग एवं फिट इंडिया सत्र, महिला स्वास्थ्य जागरूकता, करियर काउंसलिंग, डिजिटल साक्षरता, मतदाता जागरूकता, वोकल फॉर लोकल और सरकारी योजनाओं के जागरूकता शिविर शामिल रहेंगे।

सभी से सहभागिता की अपील

अर्चना चिटनिस ने कहा कि सेवा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति निरंतर जिम्मेदारी का भाव है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, संगठन पदाधिकारियों और सामाजिक संस्थाओं से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top