मुंबई पैटर्न पर एक पैर पर खड़ी गणेश प्रतिमा बनी आकर्षण का केंद्र, ढोल-डीजे और फायर शो ने बांधा समां
नेपा दर्पण प्रतिनिधि, नेपानगर।
गणेश उत्सव के अवसर पर रविवार को नेपानगर के अम्बेडकर चौराहे पर ‘मातापुर के राजा’ श्री गणेश जी की भव्य प्रतिमा का आगमन हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में हुआ। इस वर्ष 21 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा भुसावल से लाई गई है। मुंबई पैटर्न पर एक पैर पर खड़ी यह अनूठी प्रतिमा श्रद्धालुओं और नगरवासियों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही।
एक पैर पर खड़ी भव्य प्रतिमा ने खींचा ध्यान
‘मातापुर के राजा’ की प्रतिमा अपने विशेष स्वरूप और अनूठी मुद्रा के कारण लोगों के बीच चर्चा का विषय रही। 21 फीट ऊंची प्रतिमा को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग अम्बेडकर चौराहे पर पहुंचे। प्रतिमा के आगमन के दौरान पूरे क्षेत्र में गणपति बप्पा के जयकारे गूंजते रहे।
डीजे, लाइट शो और फायर शो ने बढ़ाया उत्साह
आगमन समारोह में दुर्गा शक्ति DJ, तात्या विंछू, आकर्षक लाइट शो, ढोल और फायर शो ने लोगों का खूब ध्यान आकर्षित किया। वहीं विठ्ठल मंदिर समिति द्वारा प्रस्तुत कीर्तन ने आयोजन में भक्तिमय रंग भर दिया।

क्रेन और JCB से हुई पुष्प वर्षा
भव्य आगमन के दौरान क्रेन एवं JCB के माध्यम से गणपति प्रतिमा पर पुष्प वर्षा की गई। पुष्प वर्षा के बीच श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा के जयकारे लगाए, जिससे पूरा अम्बेडकर चौराहा भक्तिमय वातावरण में गूंज उठा।
बड़ी संख्या में नगरवासी रहे मौजूद
आयोजन में समिति के प्रमोद सेन, टीटू भाई, अनुराग चौहान, दीपांशु चौहान, सचिन ठाकुर, नीलेश कटारिया, गजेंद्र सिंह चौहान, रुद्रेश शाह, डॉ. श्रीमाली, संदीप चावला, सचिन गोपाल एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजेश चौहान सहित समिति के अन्य सदस्य और बड़ी संख्या में नेपानगरवासी उपस्थित रहे।









