नल-जल योजना के अधूरे कार्य और गंदे पानी की आपूर्ति को लेकर नागरिकों ने जताई चिंता
नेपा दर्पण प्रतिनिधि |
नेपानगर नगर पालिका क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग को लेकर नगर पालिका उपाध्यक्ष सरला प्रविण काटकर ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नेपानगर को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में नगर के विभिन्न वार्डों में नल-जल योजना के अधूरे कार्य और पेयजल की गुणवत्ता पर चिंता व्यक्त की गई है।
कई वार्डों में अब भी नहीं पहुंचा नल का पानी
ज्ञापन के अनुसार, मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एमपीयूडीसी) द्वारा नगर क्षेत्र में नल-जल योजना के तहत पिछले पांच वर्षों से कार्य किया जा रहा है, लेकिन अब तक सभी 24 वार्डों में नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। वार्ड क्रमांक 1 से 5 के अलावा वार्ड 13, 14, 15 और 22 में भी कई क्षेत्रों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ज्ञापन में दावा किया गया है कि योजना का लगभग 30 से 40 प्रतिशत कार्य अभी भी शेष है, जबकि इसे दो वर्ष पूर्व पूर्ण किया जाना था।
गंदे और बदबूदार पानी की शिकायत
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि जिन क्षेत्रों में जलापूर्ति की जा रही है, वहां कई उपभोक्ताओं को मटमैला, गंदा और बदबूदार पानी मिल रहा है। साथ ही पानी में हरे रंग की काई आने की शिकायत भी सामने आई है। इस संबंध में संबंधित विभाग को मौखिक शिकायतें किए जाने का भी उल्लेख किया गया है।
प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग
आवेदनकर्ता ने एसडीएम से मांग की है कि नगरवासियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराया जाए। ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर बुरहानपुर और मुख्य नगर पालिका अधिकारी नेपानगर को भी भेजी गई है।





