रेल सुविधाओं को लेकर डीआरएम से फोन पर बात, नई ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग भी उठी
नेपा दर्पण प्रतिनिधि।
क्षेत्र की समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने सोमवार को बुरहानपुर स्थित सांसद कार्यालय में जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठजनों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों से मुलाकात की। इस दौरान नागरिकों ने स्थानीय आवश्यकताओं और विभिन्न विकास कार्यों से जुड़े सुझाव सांसद के सामने रखे।
सांसद पाटील ने नागरिकों की समस्याएं सुनने के साथ संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान लालबाग क्षेत्र से आए नागरिकों ने भुसावल-बुरहानपुर-खंडवा रेलखंड पर निर्माणाधीन तीसरी और चौथी रेल लाइन के साथ रेलवे ओवरब्रिज से जुड़े विषय सांसद के सामने रखे।
नागरिकों ने बताया कि क्षेत्र में आवागमन बढ़ने के कारण रेलवे ओवरब्रिज की आवश्यकता महसूस हो रही है। इस पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने भुसावल रेल मंडल के डीआरएम से फोन पर चर्चा की। उन्होंने तीसरी और चौथी रेल लाइन के कार्य तथा रेलवे ओवरब्रिज से जुड़े विषयों की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के संबंध में चर्चा की।
नई ट्रेनों के स्टॉपेज को लेकर भी उठाई मांग
बुरहानपुर में रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर रेलवे संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने भी सांसद ज्ञानेश्वर पाटील से मुलाकात कर विभिन्न मांगों से संबंधित पत्र सौंपा। इसमें नई ट्रेनों के बुरहानपुर में स्टॉपेज सहित यात्रियों की सुविधा से जुड़े विषयों को रखा गया।
रेल सुविधाओं को लेकर समिति के पदाधिकारियों ने क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार रेलवे स्तर पर पहल किए जाने की मांग की। सांसद ने प्रस्तुत मांगों को लेकर आवश्यक स्तर पर चर्चा करने का भरोसा दिलाया।
चाय पर चर्चा में विकास के सुझावों पर मंथन
सांसद कार्यालय में जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठजनों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के साथ हुई चाय पर चर्चा में स्थानीय विकास को लेकर विभिन्न सुझाव सामने आए। अलग-अलग क्षेत्रों से आए लोगों ने अपने अनुभव और क्षेत्र की आवश्यकताओं को सांसद के साथ साझा किया।
सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने कहा कि क्षेत्र का विकास सामूहिक प्रयासों से अधिक प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाया जा सकता है। जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठजनों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों से मिलने वाले सुझावों को ध्यान में रखते हुए जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।





