नावरा चौकी प्रभारी की समझाइश के एक दिन बाद पुलिस की कार्रवाई
नेपा दर्पण प्रतिनिधि। हरिओम राठौड़
नवदुर्गा उत्सव के दौरान ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए नावरा पुलिस ने ग्राम गोराडिया में तेज आवाज में बज रहे डीजे को जब्त किया है। पुलिस ने एक दिन पहले ही ग्रामीणों और डीजे संचालकों को नियमों का पालन करने की समझाइश दी थी। इसके बावजूद शिकायत मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई की।
समझाइश के बाद भी बज रहा था तेज आवाज में डीजे
नावरा चौकी प्रभारी सुनील पाटिल ने एक दिन पहले ग्रामीणों को नवदुर्गा उत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और निर्धारित नियमों के अनुसार लाउडस्पीकर व डीजे बजाने की समझाइश दी थी। पुलिस ने अपील की थी कि तेज आवाज में ध्वनि विस्तारक यंत्र नहीं बजाएं, ताकि आम नागरिकों को परेशानी न हो।
शिकायत मिलने पर डीजे जब्त
इसके बाद भी ग्राम गोराडिया में तेज आवाज में डीजे बजाने की शिकायत मिलने पर नावरा पुलिस ने कार्रवाई की। चौकी प्रभारी सुनील पाटिल के अनुसार, शिकायत के आधार पर कृष्णा डीजे संचालक कृष्णा पिता शिवराम के खिलाफ कार्रवाई करते हुए डीजे जब्त किया गया है।
नियमों का उल्लंघन करने पर आगे भी होगी कार्रवाई
चौकी प्रभारी सुनील पाटिल ने कहा कि त्योहार के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। तेज आवाज में डीजे या लाउडस्पीकर बजाने की शिकायत मिलने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने ग्रामीणों और डीजे संचालकों से निर्धारित ध्वनि सीमा और प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए नवदुर्गा उत्सव शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है।





