यह कैसा पोस्टमार्टम रूम- न खिड़की, न दरवाजे; अव्यवस्थाओं के बीच काम करने को मजबूर कर्मचारी

डेढ़ से दो साल से बदहाल स्थिति, शव की सुरक्षा के लिए पुलिस या परिजनों को करना पड़ता है इंतजार; व्यवस्था सुधारने की मांग

नेपा दर्पण प्रतिनिधि।

नेपानगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में संसाधनों और सुविधाओं की कमी के बीच नगर का पोस्टमार्टम रूम भी बदहाल स्थिति में है। पोस्टमार्टम कक्ष में न तो खिड़कियां हैं और न ही पर्याप्त दरवाजों की व्यवस्था है। इसके कारण यहां काम करने वाले कर्मचारियों के साथ ही शव लेकर पहुंचने वाले परिजनों और पुलिसकर्मियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

नगर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना के लिए पूर्व में युवाओं द्वारा आंदोलन किया गया था। इसके बाद शहर को स्वास्थ्य केंद्र की सुविधा मिली, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां आवश्यक संसाधनों और व्यवस्थाओं की कमी अब भी बनी हुई है। इसी परिसर से जुड़ी महत्वपूर्ण व्यवस्था पोस्टमार्टम कक्ष की स्थिति भी लंबे समय से सुधार की प्रतीक्षा कर रही है।

डेढ़ से दो साल से ऐसी ही स्थिति

स्थानीय लोगों के अनुसार पोस्टमार्टम रूम की यह स्थिति करीब डेढ़ से दो साल से बनी हुई है। भवन जर्जर होता जा रहा है और खिड़की-दरवाजे नहीं होने से सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

यदि किसी शव को पोस्टमार्टम के लिए लाया जाता है और प्रक्रिया शुरू होने में समय लगता है तो पुलिसकर्मियों या परिजनों को वहां मौजूद रहना पड़ता है। लोगों का कहना है कि कक्ष सुरक्षित तरीके से बंद नहीं होने के कारण शव को अकेला छोड़ना जोखिमपूर्ण हो सकता है।

जंगली जानवरों और आवारा पशुओं का खतरा

नेपानगर शहर का बड़ा हिस्सा वन क्षेत्र से लगा हुआ है। आसपास के जंगलों से कई बार वन्यप्राणी पानी या भोजन की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंच जाते हैं। वहीं आवारा पशुओं की आवाजाही भी बनी रहती है। ऐसे में खुले और असुरक्षित पोस्टमार्टम कक्ष को लेकर लोगों ने चिंता जताई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कक्ष को सुरक्षित नहीं किया गया तो किसी दिन अप्रिय स्थिति उत्पन्न हो सकती है। कम से कम मजबूत दरवाजे, खिड़कियां और अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजाम तत्काल किए जाने चाहिए।

शिकायतों के बाद भी सुधार नहीं होने

पोस्टमार्टम रूम की स्थिति को लेकर जिम्मेदार विभागों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। नगर में विभिन्न विकास कार्यों पर राशि खर्च की जा रही है, ऐसे में स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े इस महत्वपूर्ण भवन की स्थिति पर भी नगर पालिका और स्वास्थ्य विभाग को ध्यान देना चाहिए।

नागरिकों ने नगर पालिका, स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारियों से पोस्टमार्टम कक्ष का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराने तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top