अर्चना चिटनिस के प्रयासों से लालबाग को बड़ी सौगात, 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए 11.28 करोड़ मंजूर

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

नेपा दर्पण प्रतिनिधि।

लालबाग और आसपास के नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अर्चना चिटनिस के सतत प्रयासों से लालबाग में नवीन 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन एवं चिकित्सकीय स्टाफ के आवासीय भवनों के निर्माण के लिए 11.28 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

इस स्वीकृति से क्षेत्र में बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का रास्ता साफ हुआ है। अब स्थानीय नागरिकों को उपचार एवं भर्ती सुविधाओं के लिए दूरस्थ अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी।

डॉक्टरों की पदस्थापना के बाद अधोसंरचना को मजबूती

स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए अर्चना चिटनिस लगातार शासन स्तर पर प्रयासरत रही हैं। इसी क्रम में दिसंबर 2025 में लालबाग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एमडी कम्यूनिटी मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. पल्लवी मंडलोई की पदस्थापना हुई थी।

इसके अलावा जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिली है। अब नवीन 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन के निर्माण से चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित होंगी।

स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया आधार

चिकित्सकीय स्टाफ के लिए आवासीय भवन बनने से स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतरता को भी बढ़ावा मिलेगा। यह परियोजना केवल भवन निर्माण नहीं, बल्कि लालबाग और आसपास के नागरिकों के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की मजबूत आधारशिला साबित होगी।

नए स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने के बाद मरीजों को स्थानीय स्तर पर उपचार, जांच और भर्ती जैसी सुविधाएं अधिक प्रभावी तरीके से उपलब्ध हो सकेंगी।

मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री का जताया आभार

अर्चना चिटनिस ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं उप मुख्यमंत्री तथा स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला का आभार व्यक्त किया है।

उन्होंने कहा कि बुरहानपुर जिले के नागरिकों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। लालबाग में 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वीकृति इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top