बेटियों को ‘पत्नी’ बनाकर सौंपने का आरोप: मां समेत 3 गिरफ्तार, दोनों नाबालिक बहनें मिलीं गर्भवती

₹1 लाख के कथित लेन-देन की जांच में जुटी पुलिस, डीएनए जांच और मेडिकल रिपोर्ट अहम साक्ष्य

नेपा दर्पण प्रतिनिधि।
बुरहानपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में दो नाबालिक बहनों के कथित यौन शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस जांच में आरोप है कि मां ने आर्थिक लाभ के लिए अपनी दोनों नाबालिग बेटियों को अलग-अलग पुरुषों के पास कथित रूप से पत्नी के रूप में रहने के लिए सौंप दिया। जांच में दोनों पीड़िताएं गर्भवती पाई गई हैं।

मां समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

शाहपुर पुलिस ने मामले में 21 अगस्त को प्रकरण दर्ज किया था। इसके बाद 23 अगस्त को पीड़िताओं की मां, गोविंदा पिता पप्पू बरेला और कमलेश पिता नानसिंह बरेला को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अन्य नामजद आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस अब बयान, मेडिकल रिपोर्ट, डीएनए जांच, कथित आर्थिक लेन-देन और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

नाबालिक को अलग-अलग लोगों के पास रखने के आरोप

पुलिस विवेचना में सामने आया है कि पहली नाबालिक पीड़िता को दिसंबर 2024 से अलग-अलग समय में गिरधर पिता भूरमल बरेला, शेर सिंह पिता कुटलिया बरेला और बाद में गोविंदा पिता पप्पू बरेला के पास रखे जाने के तथ्य मिले हैं। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि नाबालिक को किन परिस्थितियों में एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति के पास भेजा गया और इस पूरे घटनाक्रम में किसकी क्या भूमिका रही।

₹1 लाख के कथित लेन-देन की जांच

मामले में आरोपी गोविंदा से जुड़े ₹1 लाख के कथित आर्थिक लेन-देन की बात भी जांच में सामने आई है। पुलिस रकम के स्रोत, भुगतान और इसके पीछे के संबंधों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच का उद्देश्य पूरे घटनाक्रम की कड़ी को वैज्ञानिक और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर जोड़ना है।

BNS, POCSO और बाल विवाह अधिनियम के तहत कार्रवाई

शाहपुर थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 516/2026 में पुलिस ने BNS की धारा 64(2)(f), 64(2)(j), 64(2)(m), 65(1) और 3(5) के तहत कार्रवाई की है। इसके साथ ही POCSO एक्ट की धारा 5(j)(ii), 5(l) और 6 तथा बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 की धारा 9, 10 और 11 के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।

डीएनए जांच होगी अहम

पुलिस दोनों पीड़िताओं का मेडिकल परीक्षण करा चुकी है। अब डीएनए जांच सहित अन्य वैज्ञानिक जांचों के आधार पर आरोपियों की भूमिका तय की जाएगी। पुलिस मामले में शामिल सभी आरोपियों तक पहुंचने के लिए जांच जारी रखे हुए है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top