किसान से मांगे थे 15 हजार रुपये, शिकायत के बाद लोकायुक्त ने बिछाया जाल
नेपा दर्पण प्रतिनिधि।
मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के एक जूनियर इंजीनियर और लाइनमैन को किसान से बिजली कनेक्शन देने के एवज में कथित रूप से रिश्वत लेते लोकायुक्त पुलिस ने पकड़ा है। कार्रवाई में दोनों को 12 हजार रुपये लेते हुए पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है। किसान ने अपने खेत में 3 एचपी का बिजली कनेक्शन लेने के लिए आवेदन किया था।
कनेक्शन के एवज में 15 हजार मांगने का आरोप
जानकारी के अनुसार कटंगी निवासी मुकेश कुमार यादव ने खेत में 3 एचपी बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि कनेक्शन उपलब्ध कराने के एवज में बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर मनोज कुमार दुबे और लाइनमैन धनेश कुमार शुक्ला ने किसान से 15 हजार रुपये की मांग की।
किसान रिश्वत नहीं देना चाहता था। इसके बाद उसने मामले की शिकायत लोकायुक्त पुलिस से की। शिकायत मिलने पर लोकायुक्त की टीम ने उसका सत्यापन किया और कार्रवाई की योजना बनाई।
12 हजार रुपये लेते पकड़े गए
बताया जा रहा है कि तय योजना के तहत किसान रिश्वत की राशि लेकर पहुंचा। जैसे ही आरोपियों ने 12 हजार रुपये लिए, लोकायुक्त की टीम ने कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।
मामले में लोकायुक्त की कार्रवाई के बाद विद्युत वितरण कंपनी के स्थानीय अमले में भी हलचल की स्थिति रही। प्रकरण में जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।




