दो बार रेकी के बाद रात में काटी थी तार फेंसिंग, डुप्लीकेट चाबी से वारदात को दिया था अंजाम
नेपा दर्पण प्रतिनिधि।
पुलिस ने बुरहानपुर जिले में आरके ऑटो डील से कार चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को महाराष्ट्र के मुंबई से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से चोरी की गई कार बरामद कर ली गई है, जबकि वारदात में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
दो बार ऑटो डील पहुंचकर की थी रेकी
गणपति थाना प्रभारी कमलसिंह पवार ने बताया कि 24 अगस्त को आरके ऑटो डील परिसर में खड़ी कार चोरी करने से पहले आरोपियों ने घटना स्थल की दो बार रेकी की थी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बस स्टैंड क्षेत्र के एक होटल में ठहरे थे और उन्होंने पूरी योजना के बाद वारदात को अंजाम दिया। 24 अगस्त की रात आरोपियों ने ऑटो डील की तार फेंसिंग काटी और वहां खड़ी कार लेकर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन से मिली जानकारी
कार चोरी की शिकायत ऑटो डील संचालक राहिल खान द्वारा गणपति थाना पुलिस को दी गई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने महाराष्ट्र की ओर जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही आरोपियों के मोबाइल लोकेशन की तकनीकी जांच की गई। जांच के आधार पर पुलिस टीम मुंबई पहुंची, जहां से आरोपी शेख नासिर को चोरी की गई कार के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुराने कार मालिक के यहां करता था नौकरी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शेख नासिर पहले मुंबई में इस कार के पुराने मालिक के यहां नौकरी करता था। आरोप है कि इसी दौरान उसने कार की डुप्लीकेट चाबी बनवा ली थी। बाद में जब कार पुराने मालिक द्वारा आरके ऑटो डील के संचालक को बेच दी गई, तो आरोपी उसी कार को चोरी करने के उद्देश्य से मुंबई से बुरहानपुर पहुंचा और अपने साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
दूसरे आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





