सांसद कार्यालय में गूंजा गोगा देव जी का जयघोष, वाल्मीकि समाज की छड़ी-धर्मध्वज का हुआ विधिवत पूजन

सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, विधायक मंजू दादू और महापौर माधुरी पटेल सहित जनप्रतिनिधियों ने की पूजा-अर्चना, श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ आयोजन

नेपा दर्पण प्रतिनिधि

बुरहानपुर। गोगा नवमी के पावन अवसर पर सोमवार को सांसद कार्यालय परिसर में आस्था और भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला। वाल्मीकि समाजजन पारंपरिक रूप से सुसज्जित छड़ियां एवं धर्मध्वज लेकर सांसद कार्यालय पहुंचे, जहां विधि-विधान के साथ उनका पूजन किया गया।

इस अवसर पर खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, उनकी धर्मपत्नी एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जयश्री ज्ञानेश्वर पाटील, नेपानगर विधायक मंजू दादू, महापौर माधुरी अतुल पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने छड़ी-धर्मध्वज की पूजा-अर्चना की।

श्री जाहरवीर गोगादेव जी महाराज के जयकारों और भजनों से पूरा सांसद कार्यालय परिसर भक्तिमय हो गया। छड़ियों के पहुंचने पर समाजजनों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजन किया। युवाओं ने छड़ियां उठाकर वर्षों पुरानी धार्मिक परंपरा और अपनी आस्था के प्रति समर्पण का संदेश दिया।

प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार हुआ आयोजन

सांसद कार्यालय पर प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी गोगा नवमी का धार्मिक आयोजन किया गया। आयोजन में भाजपा युवा नेता गजेंद्र पाटील का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वाल्मीकि समाजजनों ने आयोजन के लिए सांसद ज्ञानेश्वर पाटील एवं गजेंद्र पाटील का आभार व्यक्त किया।

इस दौरान समाज की ओर से नेपानगर विधायक मंजू दादू एवं महापौर माधुरी अतुल पटेल का स्वागत कर सम्मान किया गया।

उस्तादों एवं भगत जी का किया सम्मान

कार्यक्रम के दौरान छड़ी-धर्मध्वज लेकर पहुंचे उस्तादों एवं भगत जी का शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा नेताओं ने वाल्मीकि समाज की धार्मिक परंपराओं और आस्था के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

गौरतलब है कि गोगा नवमी वाल्मीकि समाज के लिए आस्था और परंपरा का प्रमुख पर्व है। छड़ी-धर्मध्वज की स्थापना के बाद समाजजन सवा महीने तक श्रद्धापूर्वक इनका पूजन करते हैं। इस दौरान भजन-कीर्तन सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जाते हैं। यह पर्व धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश भी देता है।

गोगादेव जी महाराज शौर्य, सेवा और समरसता के प्रतीक

सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने कहा कि वीर गोगादेव जी महाराज शौर्य, सेवा और सामाजिक समरसता के प्रतीक हैं। उनका जीवन समाज को एकजुटता, सेवा और साहस का संदेश देता है। उनकी वीरता और पराक्रम की गाथाएं आज भी समाज को प्रेरणा देती हैं।

विधायक मंजू दादू ने कहा कि गोगादेव जी महाराज की आराधना हमारी समृद्ध लोक परंपरा और आस्था से जुड़ी हुई है। ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं।

यह रहे मौजूद

इस अवसर पर फेडरेशन अध्यक्ष जयंती नवलखे, जिला पंचायत अध्यक्ष गंगाराम मार्को, उपाध्यक्ष गजानन महाजन, पूर्व महापौर अनिल भोसले, प्रदेश महामंत्री भाजपा किसान मोर्चा मनोज लधवे, पूर्व जिलाध्यक्ष दिलीप श्रॉफ, मनोज तारवाला, उमा कपूर, पार्षदगण, जनप्रतिनिधिगण, भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में वाल्मीकि समाजजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में कालू जंगाले, रवि सिगोटिया, राजा जंगाले सहित समाज के गणमान्यजन, उस्ताद, युवा एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top