दादा मित्र मंडल की प्रतियोगिता में पहले ही प्रयास में फोड़ी हांडी, 21 हजार का पुरस्कार

नेपा दर्पण प्रतिनिधि।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर दादा मित्र मंडल द्वारा आयोजित दही हांडी प्रतियोगिता में हिंदू वीर सेना, बुरहानपुर ने छह पिरामिड बनाकर पहले ही प्रयास में हांडी फोड़ते हुए जीत हासिल की। विजेता टीम को 21 हजार रुपए का पुरस्कार दिया गया। उपविजेता टीम का उत्साह बढ़ाने के लिए दादा मित्र मंडल ने 11 हजार रुपए की राशि प्रदान की। प्रतियोगिता में जनसहयोग भी मिला। गोविंद राजपूत और आकाश चौहान ने 1-1 हजार, आकाश क्लॉडिया ने 500 तथा नितिन दशोरे ने 1,100 रुपए की प्रोत्साहन राशि दी। इस तरह पुरस्कार एवं प्रोत्साहन राशि बढ़कर 24,600 रुपए हो गई।
चार साल से जारी है आयोजन
दादा मित्र मंडल चार वर्षों से दही हांडी प्रतियोगिता आयोजित कर रहा है। पहले वर्ष ऑटो स्टैंड पर हिंदू वीर सेना बुरहानपुर विजेता रही थी। दूसरे और तीसरे वर्ष अंबेडकर चौराहे पर हनुमान व्यायाम शाला बुरहानपुर ने लगातार दो बार जीत दर्ज की। चौथे वर्ष हिंदू वीर सेना ने छह पिरामिड बनाकर पहले ही प्रयास में हांडी फोड़ दी।
अखाड़े के जीर्णाेद्धार की उठी मांग
कार्यक्रम में गजेंद्र पाटिल ने दही हांडी को एकता, सहयोग और भाईचारे का संदेश देने वाला आयोजन बताया। भाजपा मंडल महामंत्री राहुल यादव ने कहा कि नेपानगर की टीम इस बार प्रतियोगिता में शामिल नहीं हो सकी। उन्होंने शहर के पारंपरिक अखाड़े को फिर सक्रिय करने और जीर्णाेद्धार की आवश्यकता बताई। उन्होंने बताया कि प्रथम हिंद केसरी रामचंद्र पहलवान के संरक्षण में अखाड़े की गौरवशाली परंपरा रही है और इसके पुनः सक्रिय होने से युवाओं को पारंपरिक खेलों से जोड़ा जा सकता है।
आयोजन में राहुल यादव, नितेश वर्मा और दादा मित्र मंडल की टीम के प्रयासों की सराहना की गई। नगर पालिका अध्यक्ष भारती विनोद पाटिल के सहयोग के लिए पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष विजय यादव ने आभार जताया। भाजपा मंडल अध्यक्ष निलेश महाजन ने धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में जनप्रतिनिधियों और समाज के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया। दादा मित्र मंडल ने सभी सहयोगकर्ताओं, अतिथियों, प्रतियोगी टीमों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया।







