क्रिकेट, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, शतरंज और दौड़ प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
नेपा दर्पण प्रतिनिधि। “होंडो क्रिकेट क्लब” द्वारा आयोजित दो दिवसीय इंटर-स्कूल खेल प्रतियोगिता का 21 अगस्त को वेलफेयर सेंटर ग्राउंड में सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रतियोगिता में क्षेत्र की 6 स्कूलों के लगभग 350 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विभिन्न खेलों में विद्यार्थियों ने दिखाया दमखम
दो दिवसीय इस खेल आयोजन में क्रिकेट, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, शतरंज, 100 मीटर दौड़ सहित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता का शुभारंभ 20 अगस्त को हुआ था, जिसमें विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ हिस्सा लिया।
होंडो क्रिकेट क्लब के अध्यक्ष अविनाश तायडे होंडो ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, टीमवर्क, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विजेता खिलाड़ियों का किया गया सम्मान
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राजेश पटेल लारा, कैलाश पटेल, जितेंद्र मिश्रा, आकलेश काकोडिया, डेनिश स्वामी, कार्तिक चौधरी, आमिर एवं मोहित पाटिल उपस्थित रहे।
अतिथियों द्वारा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आगे भी खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र
राजेश पटेल लारा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, धैर्य और टीम भावना विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने चाहिए, कड़ी मेहनत करनी चाहिए और अपने माता-पिता, स्कूल एवं शहर का नाम रोशन करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा है, लेकिन पूरी मेहनत और लगन के साथ मैदान में उतरना ही सबसे बड़ी उपलब्धि है।
आयोजन में सहयोग देने वालों का जताया आभार
कार्यक्रम के अंत में होंडो क्रिकेट क्लब द्वारा सभी स्कूलों, शिक्षकगणों, प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया गया।




