रात 9 बजे हुई छापामार कार्रवाई, प्रतिबंधित पन्नी के उपयोग पर निगम ने दिखाई सख्त
नेपा दर्पण प्रतिनिधि। बुरहानपुर नगर निगम ने प्रतिबंधित और अमानक पॉलीथिन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बस स्टैंड स्थित मदीना होटल पर छापामार कार्रवाई की। निगम की टीम ने होटल से करीब 12 किलो अमानक पॉलीथिन जब्त कर संचालक पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया।
शिकायत के आधार पर पहुंची निगम टीम
नगर निगम को शहर में प्रतिबंधित पन्नी के उपयोग और बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। इसी सूचना के आधार पर शनिवार रात करीब 9 बजे सहायक आयुक्त स्वर्णिका वर्मा के नेतृत्व में टीम मदीना होटल पहुंची और जांच की। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में अमानक पॉलीथिन मिलने पर उसे जब्त किया गया।
आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी
जांच में प्रतिबंधित पॉलीथिन पाए जाने पर नगर निगम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए होटल संचालक पर 10 हजार रुपए का आर्थिक दंड लगाया। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली अमानक पॉलीथिन के उपयोग पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
शहर के दुकानदारों में हड़कंप
नगर निगम की अचानक हुई कार्रवाई के बाद होटल संचालकों और व्यापारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। निगम की टीम ने संकेत दिए हैं कि प्रतिबंधित पन्नी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई में सहायक आयुक्त स्वर्णिका वर्मा, सेक्टर अधिकारी, उप स्वास्थ्य अधिकारी गणेश पाटिल सहित निगम कर्मचारी मौजूद रहे।




