अर्चना चिटनिस ने किया निर्माण स्थल का निरीक्षण, 15 एकड़ भूमि पर होगा जेल एवं आवास का निर्माण
नेपा दर्पण प्रतिनिधि।
बुरहानपुर जिला जेल के निर्माण की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। ग्राम पंचायत पातोंडा के ग्राम भोलाना के समीप 15 एकड़ भूमि जेल विभाग को आवंटित की जा चुकी है। 73 करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से बनने वाली जिला जेल के लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो गई है। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अर्चना चिटनिस ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ निर्माण स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
जल्द शुरू होगा निर्माण
अर्चना चिटनिस ने बताया कि मंत्रि-परिषद की स्वीकृति, प्रशासकीय स्वीकृति और टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ किया जाएगा। जेल परिसर के समीप गौशाला का निर्माण भी प्रस्तावित है।
19 वर्षों के प्रयासों का परिणाम
चिटनिस ने बताया कि बुरहानपुर को स्वतंत्र जिला जेल दिलाने के लिए पिछले 19 वर्षों से प्रयास किए जा रहे थे। पहले बहादरपुर के समीप करीब 12 एकड़ भूमि पर जेल प्रस्तावित थी, लेकिन क्षेत्र में नवोदय विद्यालय सहित शैक्षणिक संस्थाओं के विस्तार के कारण स्थल बदला गया। इसके बाद भोलाना के समीप भूमि का चयन किया गया।
खंडवा से बंदियों के आवागमन की समस्या होगी खत्म
वर्ष 2003 में बुरहानपुर जिला बनने के बाद भी जिला जेल की व्यवस्था खंडवा से संचालित हो रही है। न्यायालय में पेशी के लिए बंदियों को खंडवा से बुरहानपुर लाना-ले जाना पड़ता है। नई जिला जेल बनने से समय, पुलिस बल और वाहनों की अतिरिक्त आवश्यकता कम होगी तथा सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर होगी।
7 अगस्त 2024 को मिली थी मंजूरी
जिला जेल के निर्माण के लिए 73 करोड़ 44 लाख रुपये का प्राक्कलन तैयार किया गया था। लंबे प्रयासों के बाद 7 अगस्त 2024 को मध्यप्रदेश मंत्रि-परिषद ने निर्माण की स्वीकृति प्रदान की। इसके बाद जेल विभाग ने प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर टेंडर प्रक्रिया पूरी कराई।
निरीक्षण में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने, प्रदीप पाटिल, आशीष शुक्ला, संभाजीराव सगरे, धनराज महाजन, गौरव शिवहरे, ईश्वर चौहान, दुर्गेश शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी मुकेश पूर्वे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।









