लो वोल्टेज, बिजली कटौती और ग्रामीण सड़कों की समस्या उठाई, जल्द निराकरण की मांग
नेपा दर्पण प्रतिनिधि |
भारतीय किसान संघ द्वारा किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मंगलवार को नेपानगर तहसील कार्यालय में प्रदर्शन कर तहसीलदार जगन वास्कले को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बिजली कटौती, लो वोल्टेज, खेतों तक पहुंच मार्ग और फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले पालतू पशुओं की समस्या प्रमुखता से उठाई गई।
संघ ने बताया कि हर वर्ष 15 सितंबर को किसानों की समस्याओं के निराकरण के लिए जिला एवं तहसील स्तर पर ज्ञापन सौंपे जाते हैं। इसी क्रम में इस वर्ष भी किसानों ने अपनी मांगों को प्रशासन के सामने रखा।
ज्ञापन में उठाई गई प्रमुख मांगें
बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या
किसानों ने बताया कि विद्युत वितरण कंपनी द्वारा कई किसानों के बिजली कनेक्शन काट दिए गए हैं। चेकिंग के दौरान अधिक लोड बताकर कार्रवाई की जाती है, जबकि किसानों को पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिल रहा है। संघ ने मांग की कि वोल्टेज और एम्पीयर की समस्या का समाधान किया जाए तथा काटे गए बिजली कनेक्शन तत्काल जोड़े जाएं।
फसलों को नुकसान पहुंचा रहे पालतू पशु
ज्ञापन में कहा गया कि आसपास के गांवों के पालतू पशु खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। प्रशासन से पशुपालकों को पशुओं को बाड़ों में रखने के लिए पाबंद करने की मांग की गई।
खेतों तक पक्की सड़क की मांग
किसानों ने मांग की कि खेतों तक पहुंचने वाले कच्चे रास्तों को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पक्का किया जाए, ताकि कृषि उपज को बाजार तक पहुंचाने में सुविधा हो सके।
नावरा-सातपायरी मार्ग का निर्माण
संघ ने बताया कि नावरा से सातपायरी मार्ग दुर्गम होने के कारण किसानों को उपज बाहर ले जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इससे उन्हें फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल पाता। मार्ग को पक्का कराने की मांग की गई।
इस अवसर पर तहसील अध्यक्ष वासुदेव चौधरी, तहसील मंत्री बलदेव सिंह रघुवंशी, जिला प्रभारी युवराज सिंह रघुवंशी, उज्जवल पाटिल, संजय बराठे, राजेश बराठे, किशोर बराठे, राजेन्द्र पार्षद, निवेश पाटिल, आशाराम पटेल सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।









