नेपा दर्पण प्रतिनिधि। हरिओम राठौर
दूध डेयरी के पास मुख्य मार्ग पर लटक रही केबल से हादसे की आशंका, बिजली विभाग से तत्काल सुधार की मांग
डाभियाखेड़ा बिजली केबल समस्या
नेपानगर। ग्राम डाभियाखेड़ा से नावरा की मुख्य सडक़ पर बुधवार शाम एक बड़ा हादसा होने से बचा। मुख्य सडक़ से गुजरती एक डबल डेकर बस झुलते हुए विद्युत तार से टकरा गई। गनिमत थी कि तार खुले ना होकर एयर बंच केबल के थे। जिससे करंट बस में नहीं उतरा और बड़ी घटना होने से बच गई। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। उन्होंने विभाग के अधिकारियों से जल्द समस्या के निदान की मांग की है।
मुख्य सड़क के ऊपर झूल रही बिजली केबल बनी खतरा
दूध डेयरी के पास मुख्य सड़क पर बिजली की केबल काफी नीचे तक झुक गई है। इस मार्ग से प्रतिदिन बस, ट्रक और अन्य बड़े वाहन गुजरते हैं। नीचे लटक रही केबल वाहनों के ऊपरी हिस्से में अटक रही है, जिससे किसी भी समय दुर्घटना की स्थिति बन सकती है।
राजू सावले ने बताया कि सड़क के ऊपर झूल रही बिजली की केबल के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बिजली विभाग से जल्द कार्रवाई कर समस्या का समाधान करने की मांग की है।
बस से टकराने की घटना के बाद बढ़ी चिंता
हाल ही में चलती बस से बिजली की लाइन टकराने की घटना सामने आई थी। इस घटना के बाद क्षेत्र में किसी बड़े हादसे की आशंका को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है।
शरद पांचपोले ने बताया कि मुख्य मार्ग पर इस तरह नीचे झुकी केबल लंबे समय से परेशानी बनी हुई है। उन्होंने मांग की कि किसी दुर्घटना से पहले बिजली लाइन को व्यवस्थित किया जाना चाहिए।
शिकायत के बाद भी नहीं हुआ सुधार कार्य
बिजली विभाग और ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों को इस समस्या की जानकारी कई बार दी गई, लेकिन अभी तक केबल को ऊंचा करने या सुरक्षित तरीके से लगाने की कार्रवाई नहीं की गई है।
सुनील भोले ने कहा कि सड़क पर लगातार बड़े वाहनों की आवाजाही रहती है और नीचे झूलती केबल से खतरा बना हुआ है। उन्होंने संबंधित विभाग से तत्काल ध्यान देने की मांग की।
बारिश के मौसम में समस्या और गंभीर
बारिश के मौसम में सड़क पर लोगों और वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे समय में बिजली की केबल का इस तरह नीचे लटकना लोगों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।
शेख आमीन ने बताया कि समस्या का जल्द समाधान होना जरूरी है, ताकि वाहन चालकों और राहगीरों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से की तत्काल कार्रवाई की मांग
दिलीप बोडसे ने बिजली विभाग से मांग की कि सड़क के ऊपर झुकी हुई केबल को जल्द से जल्द ऊंचा कर सुरक्षित तरीके से व्यवस्थित किया जाए। उन्होंने कहा कि समय रहते कार्रवाई होने से संभावित हादसे को रोका जा सकता है।
राजू बोडसे ने भी बिजली विभाग से इस समस्या पर तत्काल ध्यान देने की मांग की है। उन्होंने बताया कि बड़े वाहनों के गुजरने के दौरान केबल टकराने की स्थिति बन रही है, जिससे खतरा लगातार बना हुआ है।
समस्या के समाधान का इंतजार
विकास पाटील सहित अन्य ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मांग की है कि मुख्य सड़क के ऊपर झुकी बिजली केबल को जल्द ठीक किया जाए, ताकि वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से हो सके और किसी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।
अब देखना होगा कि बिजली विभाग और ग्राम पंचायत इस समस्या पर कितनी जल्दी कार्रवाई करते हैं और डाभियाखेड़ा के लोगों को इस परेशानी से कब तक राहत मिलती है।
घटना की जानकारी मिली है। ऐसी उचे वाहनों की क्षेत्र में आवाजाही नहीं होती है। लेकिन फिर भी सुरक्षा की दृष्टी से कार्य में सुधार करते हुए केबल को उचा किया जाएगा। अयश्क चौरे, जेई डाभियाखेड़ा विद्युत वितरण केंद्र।






