साईंखेड़ा फाटा और बदनापुर में भी प्रतीक्षालयों की हालत खराब, मरम्मत की मांग
नेपा दर्पण प्रतिनिधि। हरिओम राठौड़
ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर यात्री प्रतीक्षालयों के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साईंखेड़ा फाटा, बदनापुर और नावरा सहित क्षेत्र के कई स्थानों पर प्रतीक्षालयों की हालत खराब है। कहीं भवन जर्जर हैं, तो कहीं यात्रियों के बैठने तक की सुविधा नहीं है।
नावरा में सड़क किनारे इंतजार करने की मजबूरी
ग्राम नावरा में यात्री सड़क किनारे खड़े होकर बसों का इंतजार करने को मजबूर हैं। इससे महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को धूप-बारिश में परेशानी होती है। सड़क पर खड़े रहने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
साईंखेड़ा और बदनापुर में भी स्थिति खराब
साईंखेड़ा फाटा का यात्री प्रतीक्षालय जर्जर होने से लोग उसके नीचे बैठने से कतराते हैं। बदनापुर फाटे सहित अन्य स्थानों पर भी प्रतीक्षालयों का रखरखाव नहीं होने से यात्रियों को सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
मरम्मत कराने की मांग
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से यात्री प्रतीक्षालयों का निरीक्षण कर जर्जर भवनों की मरम्मत कराने और नावरा में बैठने की उचित व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित स्थान मिल सके।




