नागलवाड़ी से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार पेड़ से टकराई, तीन की मौत

जोगीबेड़ा के पास देर रात हुआ भीषण सड़क हादसा, एक घायल का हरसूद अस्पताल में उपचार जारी

नेपा दर्पण प्रतिनिधि। खंडवा जिले के हरसूद थाना क्षेत्र में जोगीबेड़ा के पास बीती रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। चार लोग नागलवाड़ी में दर्शन कर कार से हरसूद लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई।

हादसा आशापुर चौकी क्षेत्र के जोगीबेड़ा के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

खंडवा रेफर किए गए दो घायलों ने भी तोड़ा दम

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों में से दो को बेहतर उपचार के लिए खंडवा रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।

इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। वहीं, एक अन्य घायल का हरसूद अस्पताल में उपचार जारी है।

मृतकों में चाय दुकान संचालक विष्णु उर्फ भूरा भी शामिल

मृतकों में हरसूद की सिंगाजी कॉलोनी निवासी विष्णु उर्फ भूरा भी शामिल हैं। वे फीलगुड चौराहे पर चाय की दुकान चलाते थे। हादसे में दो अन्य लोगों की भी मौत हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार तेज रफ्तार में थी और जोगीबेड़ा के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top