शराब पीकर पत्नी से मारपीट और हुड़दंग करने पर कार्रवाई, दो आरोपी जेल भेजे

त्योहारों के मद्देनजर नावरा पुलिस सख्त, शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

नेपा दर्पण प्रतिनिधि। हरिओम राठौड़

आगामी त्योहारों के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नावरा पुलिस ने असामाजिक गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। शराब पीकर लड़ाई-झगड़ा और हुड़दंग करने के मामलों में पुलिस ने दो आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें खंडवा जेल भेजा है।

दो आरोपियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रूपेंद्र उर्फ मुन्ना पिता प्रभुलाल प्रजापति (46), निवासी साईंखेड़ा और दिनेश पिता किशोर सिंह तोमर (40), निवासी डाभियाखेड़ा के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत कार्रवाई कर जेल भेजा गया है। इनमें से एक आरोपी पर शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है।

त्योहारों में शांति भंग करने वालों पर रहेगी नजर

नावरा चौकी प्रभारी सुनील पाटिल ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शराब पीकर लड़ाई-झगड़ा करने, परिवार में मारपीट करने और सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में आरोपियों को जेल भी भेजा जा सकता है।

पुलिस की नागरिकों से अपील

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाएं। किसी भी प्रकार के विवाद, मारपीट या अशांति फैलाने से बचें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी जारी रहेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top