चौकी प्रभारी ने समिति सदस्यों और ग्रामीणों से की चर्चा, नियमों का पालन करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील
नेपा दर्पण प्रतिनिधि। हरिओम राठौर
नवरात्रि पर्व के दौरान क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नावरा पुलिस सतर्कता बरत रही है। इसी क्रम में नावरा चौकी प्रभारी सुनील पाटिल ने रात के समय विभिन्न दुर्गा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पंडालों में मौजूद व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और आयोजन से जुड़े लोगों से चर्चा की।
समिति सदस्यों और ग्रामीणों को दी समझाइश
निरीक्षण के दौरान चौकी प्रभारी सुनील पाटिल ने दुर्गा उत्सव समितियों के सदस्यों और ग्रामीणों से संवाद कर नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान सभी लोग आपसी सहयोग बनाए रखें और निर्धारित नियमों का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो।
भीड़ प्रबंधन और ध्वनि नियमों का पालन करने के निर्देश
चौकी प्रभारी ने दुर्गा पंडालों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने, भीड़ प्रबंधन पर ध्यान रखने और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निर्धारित नियमों के अनुसार उपयोग करने की समझाइश दी। उन्होंने आयोजन समितियों से कहा कि पर्व के दौरान व्यवस्थाओं को लेकर सतर्क रहें और किसी भी ऐसी गतिविधि से बचें, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका हो।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें
चौकी प्रभारी ने सुनील पाटिल ने ग्रामीणों से अपील की कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सुरक्षा संबंधी समस्या की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि पुलिस और आमजन के आपसी सहयोग से ही त्योहार को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा सकता है।




