पानी की टंकी के पास कचरा जमा होने से बढ़ी परेशानी, सफाई व्यवस्था पर सवाल
नेपा दर्पण प्रतिनिधि
ग्राम नावरा के हाट बाजार में गंदगी और दुर्गंध की समस्या से दुकानदारों और ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुकानों के पीछे लंबे समय से कचरा जमा होने के कारण बदबू फैल रही है।
दुकानदार शाहरुख और वसीम ने बताया कि नियमित सफाई नहीं होने से कचरा सड़ने लगा है। इससे बाजार में आने वाले ग्राहकों को भी परेशानी होती है और दुकानदारों के कामकाज पर असर पड़ रहा है।
पानी की टंकी के पास जमा है कचरा
बाजार में जमा गंदगी पानी की टंकी के पास भी है। इसी टंकी से गांव में पानी की आपूर्ति की जाती है। ऐसे में टंकी के आसपास सफाई नहीं होने से ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है।
शुल्क वसूली के बावजूद सफाई व्यवस्था पर सवाल
दुकानदारों का कहना है कि हाट बाजार में दुकान लगाने के लिए नियमित शुल्क लिया जाता है, लेकिन इसके बावजूद सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं है। दुकानदारों और ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत से तत्काल कचरा हटाने और बाजार में नियमित सफाई व्यवस्था शुरू करने की मांग की है।





