नेपा लिमिटेड को वर्किंग कैपिटल दिलाने सांसद पाटील के प्रयास तेज

मिल की मौजूदा स्थिति की समीक्षा, दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष रखेंगे कार्यशील पूंजी का मुद्दा

नेपा दर्पण प्रतिनिधि।

नेपा लिमिटेड को उत्पादन के साथ आर्थिक रूप से और मजबूत बनाने की दिशा में अब कार्यशील पूंजी की व्यवस्था को लेकर प्रयास तेज किए जा रहे हैं। मंगलवार को सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने नेपा लिमिटेड के सीएमडी, अधिकारियों और कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मिल की वर्तमान स्थिति, उत्पादन व्यवस्था और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की।

बैठक में सांसद ने कहा कि मिल के नियमित संचालन और आगे के विकास के लिए पर्याप्त वर्किंग कैपिटल की आवश्यकता है। इसे लेकर वे लगातार प्रयास कर रहे हैं। जल्द ही नेपा लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारियों और श्रमिक-कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधिमंडल के साथ दिल्ली पहुंचकर केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष मिल की आवश्यकता को रखा जाएगा।

उत्पादन शुरू होने के बाद अब आर्थिक मजबूती पर जोर

सांसद पाटील ने बैठक में मिल की मौजूदा प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों की ओर से उत्पादन और संचालन से जुड़ी स्थिति से अवगत कराया गया। उन्होंने नेपा लिमिटेड को पहले के संकट से बाहर निकालकर वर्तमान स्थिति तक पहुंचाने में सीएमडी नरेश सिंह, कर्मचारियों और मैनेजमेंट टीम के सामूहिक प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि टीम ने समन्वय और इच्छाशक्ति के साथ काम करते हुए मिल की व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आधुनिकीकरण के बाद उत्पादन दोबारा शुरू होना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

दिल्ली में रखेंगे नेपा मिल की जरूरत

सांसद ने कहा कि अब मिल के सामने अगली चुनौती इसे वित्तीय रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने की है। इसके लिए वर्किंग कैपिटल की उपलब्धता महत्वपूर्ण है। दिल्ली दौरे के दौरान केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री के समक्ष नेपा लिमिटेड की आवश्यकताओं और कार्यशील पूंजी का विषय प्रमुखता से रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि नेपा मिल नेपानगर ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों की रोजगार व्यवस्था से भी जुड़ी हुई है। इसलिए मिल का सुचारू और स्थायी संचालन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है।

बैठक में ये रहे मौजूद

बैठक में निदेशक वित्त पी.जे.एम. डिक्सन, सांसद प्रतिनिधि सौजन्य तिवारी, नेपा ऑफिसर्स स्टाफ एसोसिएशन के सचिव संजय पवार, रामकृष्ण अग्रवाल, फिरोज खान, आदित्य प्रजापति, जनसंपर्क अधिकारी संदीप ठाकरे सहित नेपा लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top