चार दिन से उपचाररत विधायक ने कार्यकर्ताओं के साथ दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की
नेपा दर्पण प्रतिनिधि।
स्वास्थ्य खराब होने और पिछले चार दिनों से बुरहानपुर के निजी अस्पताल में उपचाररत होने के बावजूद नेपानगर विधायक मंजू राजेंद्र दादू गुरुवार शाम आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में शामिल हुईं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में विधायक ने कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों के साथ दीप प्रज्वलित किए और प्रधानमंत्री के स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की।
राष्ट्रसेवा को बताया प्रेरणा
विधायक मंजू दादू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशहित और राष्ट्रसेवा के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। उनका समर्पण सभी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर जुटे रह सकते हैं, तो व्यक्तिगत परिस्थितियों के कारण हम कैसे पीछे हट सकते हैं। उन्होंने संगठन और जनसेवा के प्रति अपनी जिम्मेदारी को सर्वोपरि बताया।
कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
चार दिनों से अस्पताल में उपचार के बावजूद विधायक के कार्यक्रम में पहुंचने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया। दीप प्रज्वलन के साथ सेवा, समर्पण और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सिटीजन हायर सेकंडरी स्कूल में 250 दीप जलाकर मनाया प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिवस
सिटीजन हायर सेकंडरी स्कूल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस सेवा संकल्प अभियान के तहत उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में करीब 250 दीप प्रज्वलित किए गए। कार्यक्रम में अध्यक्ष अर्जुनदास शाह, डॉ. ओ.पी. महाजन, मालगुजार सर, वंदना जवादे सहित समस्त शिक्षक उपस्थित रहे। इस दौरान सेवा संकल्प के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष अर्जुनदास शाह ने मिठाई वितरित कर सभी को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।

नेपा लिमिटेड के मुख्य द्वार पर दीप प्रज्वलित कर मनाया प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिवस
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर 2026 को नेपा लिमिटेड के मुख्य द्वार पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं राष्ट्रसेवा के निरंतर कार्य के लिए प्रार्थना की गई। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक नेतृत्व यात्रा का भी उल्लेख किया गया।




