बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने निकाली रैली, केंद्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

नेपा दर्पण प्रतिनिधि।

बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने शुक्रवार को नेपानगर में रैली निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर प्रदेशभर में आयोजित विरोध प्रदर्शन के तहत नगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में यह रैली निकाली गई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आम जनता को राहत देने की मांग उठाई।

रैली की शुरुआत मनोज टॉकीज स्थित महाराणा प्रताप चौराहे से हुई। इसके बाद रैली महात्मा गांधी चौराहा, शिवाजी नगर और बुधवारा मार्केट होते हुए शिवाजी चौराहे पर पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के विरोध में विभिन्न नारे लगाए। शिवाजी नगर क्षेत्र में महिलाओं ने रैली पर पुष्पवर्षा कर कांग्रेस के प्रदर्शन का समर्थन भी जताया।

महंगाई से आम लोगों की आर्थिक स्थिति प्रभावित : महाजन

कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष रविंद्र महाजन ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई का सीधा असर आम परिवारों के घरेलू बजट पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि शक्कर के दाम में बढ़ोतरी के साथ ही खाद्य तेल और पेट्रोल की कीमतों में भी वृद्धि हुई है। दूसरी ओर किसानों और मजदूरों की आय में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हो रही है। ऐसे में परिवारों के लिए रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल होता जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारें महंगाई और रोजगार जैसे मुद्दों पर प्रभावी कदम उठाने में विफल रही हैं। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर लगातार जनता के बीच आवाज उठाती रहेगी।

गरीब और मध्यम वर्ग पर बढ़ रहा आर्थिक बोझ : बैस

नगर कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश सिंह बैस ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि का सबसे अधिक असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। महंगाई बढ़ने से लोगों की आय का बड़ा हिस्सा रोजमर्रा की जरूरतों पर खर्च हो रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार को आम नागरिकों को राहत देने के लिए महंगाई पर नियंत्रण के ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि नेपानगर कांग्रेस महंगाई के मुद्दे पर आगे भी विरोध प्रदर्शन और जनआंदोलन जारी रखेगी।

ये रहे मौजूद

विरोध प्रदर्शन में ग्रामीण कार्यकारी अध्यक्ष जगमीत सिंह जॉली, नगर पालिका अध्यक्ष भारतीय विनोद पाटिल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष योगिता राजू पाटिल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सोहन सैनी, पूर्व नगर पालिका प्रतिपक्ष नेता राजेश पटेल, मंडलम अध्यक्ष पांडुरंग आमले, महिला नेत्री निर्मला जावरकर, युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र मसाने, युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुणाल तोमर, पार्षद सपना पटेल, अनीशा राजेश पटेल, कैलाश पटेल, विनोद पाटिल, राजू दामू पाटिल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top