सीवल पहुंचे एसडीएम-तहसीलदार, घटनास्थल का किया निरीक्षण

नवजात के शव मिलने के मामले में प्रशासन सक्रिय, एसडीएम बोले- दोषियों पर होगी कार्रवाई

नेपा दर्पण प्रतिनिधि।

ग्राम सीवल में सोमवार सुबह पानी की टंकी के पास नवजात बच्चे का शव मिलने के मामले में प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। पुलिस द्वारा पंचनामा और प्रारंभिक जांच की कार्रवाई किए जाने के बाद एसडीएम श्रीजन श्रीवास्तव एवं तहसीलदार जगन्नाथ वास्कले मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से मामले की जानकारी ली। अधिकारियों ने ग्रामीणों से संदिग्ध गतिविधियों और घटना से जुड़ी किसी भी जानकारी को प्रशासन एवं पुलिस तक पहुंचाने की अपील की।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 8 से 8.30 बजे के बीच ग्राम सीवल की कुछ महिलाएं गांव के बाहर कचरा फेंकने गई थीं। इसी दौरान पानी की टंकी के पास उन्हें नवजात बच्चे का शव दिखाई दिया। शव मिलने की जानकारी महिलाओं ने तत्काल ग्रामीणों को दी। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी नेपानगर थाने में दी गई।

सूचना मिलते ही नेपानगर पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक जांच प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने मौके पर पंचनामा तैयार किया तथा घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाना शुरू किया।

परिजनों की जानकारी जुटाने में जुटा प्रशासन

पुलिस की प्रारंभिक कार्रवाई के बाद एसडीएम श्रीजन श्रीवास्तव और तहसीलदार जगन्नाथ वास्कले ने ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों से चर्चा की। अधिकारियों ने ग्रामीणों से भी घटना से संबंधित जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का प्रयास है कि नवजात के परिजनों की पहचान कर घटना की वास्तविक स्थिति सामने लाई जा सके। एसडीएम श्रीवास्तव ने सरपंच प्रतिनिधि गजानन पिता हरि महाजन से गांव में मामले से जुड़ी जानकारी जुटाने को कहा। साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में संपर्क कर संदिग्ध परिस्थितियों में प्रसव या नवजात से संबंधित जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने कहा कि किसी व्यक्ति को घटना के संबंध में कोई जानकारी या संदेह हो तो तत्काल प्रशासन अथवा पुलिस को सूचित करें।

दोषियों पर होगी कार्रवाई

एसडीएम श्रीजन श्रीवास्तव ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि घटना से जुड़ी किसी भी महत्वपूर्ण जानकारी को छिपाने के बजाय तत्काल पुलिस या प्रशासन को उपलब्ध कराएं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नवजात की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव को वहां किसने छोड़ा। मामले को लेकर ग्रामीणों में भी चिंता का माहौल है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top