अवधूत महायोगी दादागुरु देंगे श्रद्धालुओं को शुभाशीर्वाद, सजीव एवं चलित झांकियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र
नेपा दर्पण प्रतिनिधि।
शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी नवदुर्गा मंदिर, फव्वारा चौक से माँ इच्छादेवी मंदिर, इच्छापुर तक भव्य चुनरी यात्रा का आयोजन किया जाएगा। 15 अक्टूबर, गुरुवार को सुबह 8 बजे शुरू होने वाली इस यात्रा में बड़ी संख्या में मातृशक्ति और धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
दादागुरु का मिलेगा शुभाशीर्वाद
इस वर्ष चुनरी यात्रा में अवधूत महायोगी दादागुरु भी शामिल होकर श्रद्धालुओं को अपना शुभाशीर्वाद प्रदान करेंगे। आयोजकों के अनुसार, उनके आगमन से आयोजन का धार्मिक महत्व और बढ़ेगा। यात्रा को भव्य एवं व्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
हेलीकॉप्टर से होगी पुष्पवर्षा
इस बार चुनरी यात्रा का विशेष आकर्षण हेलीकॉप्टर से होने वाली पुष्पवर्षा रहेगी। आयोजन की जानकारी के अनुसार, पहली बार माँ इच्छादेवी मंदिर और चुनरी यात्रा के मार्ग में थाना शिकारपुरा के समीप हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न आकर्षक सजीव एवं चलित झांकियां भी यात्रा में शामिल रहेंगी।
श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील
आयोजकों ने माताओं, बहनों, भाइयों और समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में चुनरी यात्रा में शामिल होने की अपील की है। यात्रा नवदुर्गा मंदिर, फव्वारा चौक से सुबह 8 बजे प्रारंभ होकर माँ इच्छादेवी मंदिर, इच्छापुर पहुंचेगी। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से माँ जगदंबा की भक्ति और आस्था के इस पावन आयोजन में सहभागी बनकर यात्रा की शोभा बढ़ाने का आग्रह किया है।





