एकलव्य विद्यालय सातपायरी में छात्र परिषद का पदारोहण समारोह संपन्न

नव चयनित छात्र परिषद सदस्यों ने ली जिम्मेदारी, मुख्य अतिथि ने दिए नेतृत्व और अनुशासन के मंत्र

नेपा दर्पण प्रतिनिधि

एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय सातपायरी, खकनार में गुरुवार को छात्र परिषद पदारोहण समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में केंद्रीय विद्यालय नेपानगर के अरुण सिंह चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी विद्यार्थी एवं शिक्षकगण उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चरणों में दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। विद्यालय के प्राचार्य रत्नेश कुमार जायसवाल ने पौधा भेंट कर मुख्य अतिथि अरुण सिंह चौधरी का स्वागत किया। खेल शिक्षिका अंजलि पटेल ने मंच संचालन करते हुए कार्यक्रम को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाया।

छात्र परिषद सदस्यों ने संभाला पदभार

समारोह के दौरान मुख्य अतिथि अरुण सिंह चौधरी ने नव चयनित छात्र परिषद के सदस्यों को बैज पहनाकर पदभार ग्रहण कराया। इसके बाद छात्र परिषद के सदस्यों ने अनुशासन और उत्साह के साथ मार्च पास्ट करते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी। विद्यालय के विभिन्न सदनों के सदन कैप्टन भी अपने-अपने सदस्यों एवं सदन प्रभारियों के साथ उपस्थित रहे और समारोह में भागीदारी निभाई।

विद्यालय के खेल शिक्षक अतुल कुमार पाठक ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता से पूरा समारोह उत्साहपूर्ण और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

जिम्मेदारियों के निर्वहन का लिया संकल्प

नव चयनित छात्र परिषद के सदस्यों ने अपने अनुभव साझा करते हुए चयन प्रक्रिया में मार्गदर्शन देने वाली नियुक्ति समिति, प्राचार्य एवं सभी शिक्षकगण के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यालय द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी, निष्ठा और अनुशासन के साथ निभाने का संकल्प लिया।

अच्छे नेतृत्व के गुण बताए मुख्य अतिथि ने

मुख्य अतिथि अरुण सिंह चौधरी ने नव नियुक्त छात्र परिषद सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नेतृत्व केवल स्वयं आगे बढ़ने का नाम नहीं है, बल्कि सभी को साथ लेकर आगे बढ़ने की क्षमता ही सच्चे नेतृत्व की पहचान है। उन्होंने विद्यार्थियों को जिम्मेदारी, अनुशासन और सहयोग की भावना को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने छात्र परिषद सदस्यों से कनिष्ठ विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने तथा विद्यालय में अनुशासन और सकारात्मक वातावरण बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।

वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य रत्नेश कुमार जायसवाल ने धन्यवाद प्रस्तुत किया। उन्होंने मुख्य अतिथि के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नव नियुक्त छात्र परिषद सदस्यों को मेहनत, ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी को जीवन का आधार बनाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छात्र परिषद विद्यालय में सकारात्मक नेतृत्व और अनुशासन की संस्कृति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

समारोह की स्मृतियों को यादगार बनाने एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से मुख्य अतिथि अरुण सिंह चौधरी द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित कराया गया। इसमें सभी नव चयनित छात्र परिषद सदस्य एवं हाउस कैप्टन शामिल हुए। कार्यक्रम उत्साह, अनुशासन और नेतृत्व भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top