43.87 लाख रुपये के विकास कार्यों का विधायक मंजू दादू ने किया भूमिपूजन एवं लोकार्पण
नेपा दर्पण प्रतिनिधि
नेपानगर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक मंजू राजेंद्र दादू ने मंगलवार को चार गांवों का दौरा कर 43.87 लाख रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। सड़क, आंगनवाड़ी भवन, भक्त विश्राम गृह और मंगल भवन जैसे कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा। इस दौरान विधायक ने ग्रामीणों से संवाद कर स्थानीय समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी भी ली।
कार्यक्रमों के दौरान क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं विधायक मंजू दादू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन विकास कार्यों से गांवों में सुविधाओं का स्तर बेहतर होगा।
इन विकास कार्यों की मिली सौगात
ग्राम ताजनापुर (बलवाड़ा) में 8 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी रोड का भूमिपूजन किया गया। सड़क निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
बाड़ा जैनाबाद (बाड़ा टांडा) स्थित नर्मदेश्वर आश्रम के समीप 15 लाख रुपये की लागत से बनने वाले भक्त विश्राम गृह की आधारशिला रखी गई। इससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं एवं संतों के लिए ठहरने की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी।
ग्राम हिंगना में 11.22 लाख रुपये की लागत से बनने वाले आंगनवाड़ी भवन का शिलान्यास किया गया। भवन निर्माण से बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा, पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
वहीं ग्राम अंबाडा में 9.65 लाख रुपये की लागत से बनने वाले कोरकू मंगल भवन का भूमिपूजन किया गया। यह भवन स्थानीय जनजातीय समाज के सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए उपयोगी साबित होगा।

हर गांव तक विकास पहुंचाना प्राथमिकता : विधायक दादू
कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए विधायक मंजू दादू ने कहा कि नेपानगर विधानसभा के प्रत्येक गांव का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुविधाओं से जुड़े कार्य स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार लगातार किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों की गति निरंतर बनी हुई है और नेपानगर विधानसभा भी विकास की इस प्रक्रिया में लगातार आगे बढ़ रही है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ-साथ गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
विधायक दादू ने कहा कि जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को स्वीकृति दिलाकर उन्हें धरातल पर उतारने का कार्य आगे भी जारी रहेगा। नेपानगर विधानसभा के विकास को नई गति देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर भाजपा महामंत्री संजय जाधव, उपाध्यक्ष निलेश चौकसे, जनपद सदस्य हरि राठौड़, राजू महाराज, राजू वाघमारे, राधेश्याम राठौड़, मंडल अध्यक्ष गणेश पाटील, निलेश महाजन, शिवा नायक, मनोज राठौड़, पूर्व किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष अरुण पाटील, प्रमोद आसखड़के, श्रीराम पवार, गोपाल अप्पा, विजय पाटील, राजू मांजरेकर, मांगीलाल पवार, पांडु जवाहरलाल, श्यामलाल कोरकू महाराज, संजय माहेश्वरी, राजा पवार, गणेश राठौड़, रोहीदास पवार, संजय पाटील, शालिक पाटील, दीपक पाटील, ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, जनपद पंचायत सदस्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।









