दादाजी धाम एक्सप्रेस की वापसी से लेकर बंद स्टॉपेज और नई रेल सेवाओं पर हुई चर्चा

नेपा दर्पण प्रतिनिधि।
बुरहानपुर, नेपानगर और खंडवा क्षेत्र की रेल संबंधी जरूरतों को लेकर सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने बुधवार को नागपुर में सेंट्रल रेलवे के महाप्रबंधक और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े पुराने मुद्दों के साथ रेलवे के चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों को लेकर भी चर्चा हुई। सांसद ने क्षेत्र में बंद हुए ट्रेन स्टॉपेज दोबारा शुरू करने, नई रेल सेवाएं उपलब्ध कराने और अधोसंरचना से जुड़े कार्यों को गति देने की मांग रखी।
नेपानगर में बंद स्टॉपेज शुरू कराने पर जोर
नेपानगर में कोविड काल के दौरान बंद किए गए ट्रेन स्टॉपेज को फिर से शुरू करने का मुद्दा बैठक में प्रमुखता से रखा गया। इसके साथ ही भुसावल-नागपुर के बीच पहले संचालित दादाजी धाम एक्सप्रेस को दोबारा चलाने की मांग भी की गई। बुरहानपुर, नेपानगर और खंडवा में यात्रियों की सुविधा के अनुसार ट्रेनों के स्टॉपेज दिए जाने की आवश्यकता भी अधिकारियों के सामने रखी गई।
दो प्रमुख रेल मार्गों के लिए नई ट्रेन की मांग
सांसद ने ओंकारेश्वर से त्र्यंबकेश्वर के बीच नई ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रखा। इसके जरिए मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के दोनों प्रमुख ज्योतिर्लिंगों को रेल सेवा से जोड़ने की बात कही गई। वहीं खंडवा-बुरहानपुर के रास्ते बडनेरा-अमरावती तक नई ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग भी बैठक में शामिल रही।
बुरहानपुर में ओवरब्रिज के मुद्दे पर चर्चा
बुरहानपुर में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज को जल्द पूरा कराने की मांग सांसद ने अधिकारियों के सामने रखी। इसके अलावा लालबाग क्षेत्र में शिवाजी नगर और चिंचाला वार्ड के बीच आवागमन के लिए नए रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण का मुद्दा भी उठाया गया। दोनों कार्यों को शहर की यातायात व्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताया गया।
अमृत भारत स्टेशन के कार्यों की जानकारी ली
नेपानगर रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे कामों की प्रगति को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई। सांसद ने स्टेशन विकास के कार्यों को गति देने के साथ कोविड काल में बंद हुए ट्रेन स्टॉपेज को बहाल करने की मांग दोहराई।
खंडवा स्टेशन के पुनर्विकास पर भी फोकस
खंडवा रेलवे स्टेशन के री-डेवलपमेंट कार्य को जल्द शुरू कराने का विषय भी बैठक में रखा गया। इसके साथ ही खंडवा लोकसभा क्षेत्र में तीसरी और चौथी रेलवे लाइन से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई और इन्हें गति देने पर जोर दिया गया।
प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का जताया आभार
सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने रेलवे के आधुनिकीकरण, नई रेल लाइनों, स्टेशन पुनर्विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बुरहानपुर, नेपानगर और खंडवा की रेल जरूरतों को लेकर प्रयास जारी रहेंगे। बैठक में मध्य रेल समिति सदस्य मनोज सोनी भी मौजूद रहे।






